
नई दिल्ली, 5 अगस्त 2026: डेहरी डालमियानगर (बिहार) के कार्यपालक पदाधिकारी विमल कुमार की हत्या की घटना पर लेट्स इंस्पायर बिहार (LIB) – दिल्ली एनसीआर चैप्टर ने गहरा दुख व्यक्त करते हुए दिवंगत अधिकारी को श्रद्धांजलि अर्पित की है। संगठन ने शोक संतप्त परिवार के प्रति संवेदना व्यक्त करते हुए इस घटना की निष्पक्ष जांच की मांग की है।
जारी प्रेस विज्ञप्ति में LIB ने आरोप लगाया कि घटना के बाद सोशल मीडिया पर कुछ राजनीतिक नेताओं द्वारा बिना किसी तथ्य और साक्ष्य के आईपीएस अधिकारी विकास वैभव और उनके नेतृत्व में चल रहे सामाजिक अभियान लेट्स इंस्पायर बिहार (LIB) पर आरोप लगाए जा रहे हैं। संगठन ने इन आरोपों को निराधार बताते हुए उनकी कड़ी निंदा की है।
LIB ने कहा कि यह किसी राजनीतिक दल का अभियान नहीं, बल्कि समाज के लिए चलाया जा रहा एक जन-आंदोलन है। संगठन के अनुसार, पिछले पांच वर्षों में इस अभियान से 3 लाख से अधिक पंजीकृत स्वयंसेवक जुड़े हैं और देश-विदेश में रहने वाले लाखों बिहारवासी इसका समर्थन करते हैं।
प्रेस विज्ञप्ति के अनुसार, वर्तमान में 20 जिलों में 41 निःशुल्क पाठशालाएं संचालित की जा रही हैं, जिनसे 3,000 से अधिक बच्चे लाभान्वित हो रहे हैं। इसके अलावा 600 से अधिक स्टार्टअप फाउंडर्स इस अभियान के माध्यम से बिहार में नवाचार, उद्यमिता और रोजगार सृजन की दिशा में कार्य कर रहे हैं।

संगठन ने कहा कि आईपीएस विकास वैभव इस अभियान का नेतृत्व एक सामाजिक कार्यकर्ता के रूप में कर रहे हैं और उनका प्रशासनिक जीवन ईमानदारी, निष्पक्षता और कानून के शासन के प्रति प्रतिबद्धता का उदाहरण रहा है।
LIB ने यह भी कहा कि मामले की जांच के लिए विशेष जांच दल (SIT) गठित किया जा चुका है। ऐसे में जांच पूरी होने से पहले किसी भी व्यक्ति या संगठन पर बिना प्रमाण आरोप लगाना उचित नहीं है और इससे जांच प्रक्रिया प्रभावित हो सकती है।
प्रेस विज्ञप्ति में सभी राजनीतिक दलों से अपील की गई है कि राजनीतिक प्रतिस्पर्धा के दौरान सामाजिक अभियानों को विवादों में न घसीटा जाए। संगठन ने कहा कि यदि भविष्य में भी बिना तथ्यों के LIB की छवि धूमिल करने का प्रयास किया गया, तो उसका जवाब लोकतांत्रिक और संवैधानिक तरीके से तथ्यों, शिक्षा, सेवा और जनजागरण के माध्यम से दिया जाएगा।
अपने संदेश के अंत में संगठन ने विकसित बिहार के निर्माण के लिए सभी से सकारात्मक सोच और सामाजिक सहभागिता के साथ आगे आने की अपील की।



