
पटना के चर्चित शिक्षक और Khan Global Studies के डायरेक्टर खान सर (फैजल खान) शनिवार को पटना सिविल कोर्ट पहुंचे और आत्मसमर्पण किया। हाल ही में कदमकुआं थाना क्षेत्र के मुसल्लहपुर हाट स्थित कोचिंग सेंटर में हुए फायरिंग मामले में उनका नाम एफआईआर में जोड़े जाने के बाद उन पर गिरफ्तारी की तलवार लटक रही थी।
जानकारी के अनुसार, खान सर अपने वकीलों के साथ दोपहर करीब 12 बजे कोर्ट पहुंचे। इस दौरान उनकी संभावित गिरफ्तारी को देखते हुए कोर्ट परिसर के बाहर भारी पुलिस बल तैनात किया गया था। सभी गेटों पर सादे लिबास में पुलिसकर्मी भी अलर्ट मोड में मौजूद रहे।
यह मामला 2 जून की रात कोचिंग सेंटर पर हुए विवाद और फायरिंग से जुड़ा है। पुलिस पहले ही इस मामले में ज्ञान बिंदु कोचिंग सेंटर के संचालक रौशन आनंद समेत अन्य आरोपियों को गिरफ्तार कर जेल भेज चुकी है।
बाद में सामने आए वीडियो और जांच के आधार पर खान सर के दो गार्डों को भी गिरफ्तार किया गया। पुलिस के अनुसार, गार्डों ने पूछताछ में बताया कि उन्होंने खान सर के कहने पर फायरिंग की थी। इसके बाद मामले की एफआईआर में खान सर का नाम भी जोड़ दिया गया।
सूत्रों के मुताबिक, सरेंडर के बाद खान सर की ओर से अग्रिम जमानत या अन्य कानूनी राहत के लिए याचिका दायर किए जाने की भी संभावना है। अब इस मामले में अदालत के अगले फैसले पर सभी की नजरें टिकी हैं।

