NEET छात्रा मौत मामला: पटना में पुलिस की संयुक्त प्रेस कॉन्फ्रेंस, सवालों से बचते दिखे अधिकारी; केस CBI को सौंपा

पटना में NEET छात्रा की मौत मामले को लेकर बुधवार को पुलिस अधिकारियों ने संयुक्त प्रेस कॉन्फ्रेंस की। इस दौरान जितेंद्र राणा, कार्तिकेय शर्मा और परिचय कुमार मौजूद रहे। करीब 15 मिनट तक चली इस प्रेस कॉन्फ्रेंस में पुलिस ने अपना पक्ष रखा, लेकिन पत्रकारों के सवालों पर स्पष्ट जवाब देने से बचती नजर आई।
जैसे ही पत्रकारों ने मामले की जांच, शुरुआती निष्कर्षों और जिम्मेदारी को लेकर सवाल पूछने शुरू किए, SSP कार्तिकेय शर्मा ने “नो कमेंट्स” कह दिया। इसके तुरंत बाद अधिकारी प्रेस कॉन्फ्रेंस छोड़कर निकल गए। बाहर भी जब पत्रकारों ने सवाल करना चाहा, तो अधिकारी तेजी से अपनी गाड़ियों में बैठकर रवाना हो गए।
अंत में IG जितेंद्र राणा ने बताया कि मामले की गंभीरता को देखते हुए इसे अब CBI को सौंप दिया गया है। पुलिस के इस रवैये को लेकर मीडिया और आम लोगों के बीच सवाल खड़े हो रहे हैं, वहीं अब सभी की निगाहें CBI जांच पर टिकी हैं।




